पूर्व पार्षद की भतीजी ने लगाई फांसी, परिजन बोले - उसने ऐसा क्यों किया हमें भी पता नहीं
इंदौर। पूर्व पार्षद की भतीजी ने शनिवार दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। माता-पिता के काम पर जाने के बाद वह घर की सीढ़ियों पर साड़ी का फंदा बनाकर झूल गई। बेटी द्वारा फांसी लगाए जाने से उसके परिजन भी हैरान हैं। उनके अनुसार उन्हें भी समझ नहीं आ रहा है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
पुलिस के अनुसार उषा नगर की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वारदात के समय वह घर पर अकेली थी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसने यह कदम क्यों उठाया इसका पता लगाया जा रहा है। मृतका के ताऊ पूर्व पार्षद रह चुके हैं।
मृतका के ताऊ और पूर्व पार्षद ने बताया कि उसने सुबह बोरिंग से पानी भरा था। सुबह पिता होटल चले गए और मां भी काम के सिलसिले में नीचे आ गई। दाेपहर में वह अकेली थी, इसी समय घर की सीढ़ियों पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उसने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसने जान क्यों दी यह हमें भी समझ नहीं आ रहा है।