VIP पेड़ हुआ बीमार, इंसान की तरह होगा उपचार

VIP पेड़ हुआ बीमार, इंसान की तरह होगा उपचार





रायसेन। देश का सबसे वीआईपी पेड़ बीमार हो गया है। अब इंसानों की तरह बकायदा इसका उपचार होगा। 24 घंटे पुलिस की सुरक्षा में रहने वाला यह खास पेड़ बोधि वृक्ष मौसमी प्रभाव और कीटों की जद में आने के कारण बीमार हो गया है। पत्तियों में काले छेद होकर यह सूख रही हैं और तने में कई छिद्रों से कीड़ों ने अंदर प्रवेश कर लिया है। इसका इलाज इंसानों की तरह इंजेक्शन व ड्रिप लगाकर किया जाएगा। यह पेड़ विश्व धरोहर सांची से 7 किमी दूर सलामतपुर के पास पहाड़ी पर लगा है। चारों तरफ जालियों से कैद पुलिस जवान की सुरक्षा वाला 20 फीट ऊंचा यह पेड़ 8 साल पहले 21 सितंबर 2012 को श्रीलंका के राष्ट्रपति रहते महिंद्रा राजपक्षे और भूटान के तत्कालीन प्रधानमंत्री जिग्मी योजर थिंगले ने पौधे के रूप में लगाया था।


अब यह विशाल पेड़ बन गया है। यहां एक-दो की गार्ड दिन रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। पेड़ के बीमार होने की वजह मौसम और कीट है। इसमें पड़े कीड़ों ने पत्तों को खाना शुरू कर दिया है। कई दिनों से इसे मकड़जाल रोग का कीट चट कर रहा है, जिससे इसके पत्ते सूखकर गिर रहे हैं। कैटर पिलर नामक कीट इसे चट कर रहा है। बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए यह श्रद्धा का केंद्र है। श्रीलंका से बोधि वृक्ष की एक टहनी लाकर यूनिवर्सिटी के लिए चयनित जगह पर रोपा गया था।


खतरनाक है यह कीट


उद्यानिकी विशेषज्ञों की माने तो यह कीट बोधि वृक्ष के लिए बेहद खतरनाक है, जिसका तत्काल उपचार आवश्यक है। गौरतलब है की श्रीलंका सरकार के लिए भी इस पेड़ का बहुत महत्व है। राष्ट्रपति जिन्होंने इसे रोपा था वे आजकल श्रीलंका के प्रधानमंत्री हैं जबकि उनके भाई राष्ट्रपति हैं। शासन हर माह एक से डेढ़ लाख रुपए इसकी सुरक्षा पर खर्च कर रहा है। गर्मी में टैंकर से पेड़ पर पानी सींचा जाता है।


 स्वयं देखने जा रही हूं, हम यहां पेस्टीसाइड के इंजेक्शन सहित अन्य दवाओं से उपचार करवाएंगे। जरूरत लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे।


 रीता उइके, जिला उद्यानिकी अधिकारी रायसेन